Sunday, September 6News and Media

मुख्यमंत्री धामी की घोषणा साकार: महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्याकरण को मिली ₹169.47 लाख की स्वीकृति, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री धामी की घोषणा साकार: महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्याकरण को मिली ₹169.47 लाख की स्वीकृति, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

 

कोटद्वार। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा को धरातल पर उतारते हुए पौड़ी जनपद के दुगड्डा ब्लॉक स्थित प्राचीन सिद्धपीठ महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्याकरण के लिए 169.47 लाख रुपये की परियोजना को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस स्वीकृति के साथ ही मंदिर के विकास और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

महाबगढ़ मंदिर प्रबंधन एवं विकास समिति के संरक्षक चंडी प्रसाद कुकरेती ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2023 में महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्याकरण की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में लोक निर्माण विभाग ने 169.47 लाख रुपये की परियोजना तैयार कर शासन को भेजी थी, जिसे अब मंजूरी प्रदान कर दी गई है।

परियोजना के तहत मुख्य मार्ग से मंदिर तक लगभग 800 मीटर लंबा टिनशेड, पथप्रकाश व्यवस्था, इंटरलॉकिंग टाइल्स युक्त पैदल मार्ग, रेलिंग, सत्संग भवन, मंदिर परिसर का जीर्णोद्धार, धर्मशाला तथा शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और मंदिर परिसर अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक बनेगा।

जिलाधिकारी पौड़ी के अनुसार परियोजना का क्रियान्वयन पर्यटन विभाग के माध्यम से गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) द्वारा कराया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाएगा तथा इसकी नियमित समीक्षा भी की जाएगी।

परियोजना पूरी होने के बाद महाबगढ़ मंदिर एक विकसित धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित होगा। इससे श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह पहल मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की धार्मिक स्थलों के संरक्षण, विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *